मीरापुर का युवक गंग नहर में डूबा
मीरापुर। कस्बे के मोहल्ला मुश्तर्क निवासी एक युवक नहाते समय गंगनहर में डूब गया। पुलिस ग्रामीणों और आठ गोताखोरों से डूबे युवक की तलाश में लगी है। युवक के डूबने से परिजनों में कोहराम मचा है।
मोहल्ला मुश्तर्क निवासी शबी हैदर का बेटा जीशान हैदर (20 ) अपने भाई खुर्रम और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ रविवार दोपहर करीब तीन बजे गंगनहर (जौली अनूपशहर ब्रांच) कुतुबपुर पुल पर घूमने के लिए गया था। नहर पुल पर पहुंचने के बाद जीशान ने नहाने की इच्छा व्यक्त की और अपने साथियों के साथ नहर में नहाने के लिए उतर गया। बताया गया कि जीशान रोजे से था। नहाते समय युवक जीशान के हाथ पैर फूल गए और पानी में बह गया। अपने भाई को बहता देख खुर्रम ने शोर मचाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलने पर एसओ मनोज चौधरी पुलिसबल के साथ नहर पर पहुंचे और पुलिस के जवानों को रस्से की सहायता से नहर में उतार कर पानी में डूबे युवक की तलाश कराई। इस दौरान एसओ ने गंगनहर के जेई नीरज भारद्वाज से फोन पर वार्ता कर नहर का जलस्तर कम कराया। भोपा से और गंगा बैराज से आठ गोताखोरों को बुलाकर डूबे युवक की तलाश कराई। जीशान के पिता शबी हैदर काफी समय से रोजगार के कारण कुवैत में रह रहे हैं। एसओ ने बताया कि डूबे युवक की तलाश की जा रही है। जीशान ने वर्ष 2018 में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।