20 अप्रैल को पालिका बोर्ड की बैठक होगी
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद का बजट विशेष मीटिंग में पारित कराने के आठ दिन बाद ही चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने बोर्ड मीटिंग बुला ली है। 20 अप्रैल को पालिका बोर्ड की बैठक में 25 प्रस्ताव एजेंडे में रखे जा रहे हैं।
अधिशासी अधिकारी विकास सैन ने पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल के निर्देश पर एजेंडा जारी कर दिया। बैठक के एजेंडे में 25 प्रस्ताव शामिल हैं। मुख्य प्रस्तावों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से 118 सफाई कर्मचारियों को ठेके पर रखे जाने, पार्किंग शुल्क में चार गुना वृद्धि करने, स्वकर प्रणाली में मासिक किराया संशोधन और अचल संपत्तियों की उपविधि तैयार करना, कंपनी बाग पर पार्किंग ठेका निरस्त करना आदि शामिल हैं। सभी विभागों में मैन पॉवर आउटसोर्सिंग के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए निविदाओं की स्वीकृति के कई प्रस्तावों पर भी सदन मुहर लगा सकता है। कंपनी बाग के सामने पार्किंग ठेका पालिका ने इस बार 2.16 लाख रुपये में आफताब पुत्र यूनुस के नाम छोड़ा था, लेकिन सभासदों के विरोध के चलते इसे निरस्त करना पड़ रहा है।