25 अप्रैल को जेल भरो आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरनगर। भारतीय दलित अराजनीतिक संगठन ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उक्त मांग नहीं मानी तो 25 को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभाराम रथेडी के नेतृत्व में दलितों ने एससी-एसटी एक्ट में संशोधन पर रोष जताया। संगठन ने प्रदेश सरकार से कहा कि राज्य में एससी-एसटी एक्ट पुराने स्वरूप में ही बहाल रखा जाए। भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने आरोप लगाया कि जाति विशेष के कुछ पुलिस कर्मचारी वीडियो और फोटो में छेड़छाड़ करते हुए निर्दोष दलितों को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने का काम कर रहे हैं। संगठन ने सरकार के समक्ष ये सवाल भी उठाया कि जब एससी एसटी एक्ट में संशोधन हो सकता है तो मैरिज एक्ट में क्यों नहीं, यदि कोई दलित जाति की महिला दूसरी जाति में विवाह करे तो उसकी जाति पति से मानी जाए। दो अप्रैल के बंद के दौरान गादला के अमरीश की पुलिस की फायरिंग से मौत हुई, आरोपी को गिरफ्तार किया जाए, मृत अमरीश के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उक्त मांग नहीं मानी तो 25 को जेल भरो आंदोलन किया जायेगा।
जगजीवन राम सेवा समिति का क्रमिक अनशन
मुजफ्फरनगर। बाबू जगजीवन राम समाज सेवा समिति ने कलक्ट्रेट में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। समिति का कहना है कि पुलिस निर्दोष दलितों का उत्पीड़न कर रही है। अनशन में सत्यपाल सिंह काकरान, अतर सिंह अमीन, माधवराम शास्त्री, कर्णसिंह, रामसिंह, कालूराम, सुरेंद्र, महावीर सिंह, मुकेश, सुरेश आदि शामिल रहे।