संजीव के उत्पीड़न के विरोध में प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर।
शहीद उधम सिंह सेना के कार्यकर्ताओं ने उत्पीड़न के खिलाफ मुखर होते हुए कहा कि रोहित वेमुला हत्याकांड जैसे प्रकरण को अब दोहराने नहीं दिया जाएगा। इच्छा मृत्यु मांगने वाले संजीव कुमार के उत्पीड़न पर सेना ने जिला प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग कर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
सोमवार को शहीद उधम सिंह सेना के उपाध्यक्ष सौरभ तेजियान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सेना के पदाधिकारियों ने डीएम राजीव शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इच्छा मृत्यु पर एक ऐतिहासिक फैसला लिया गया और इसके अगले ही दिन संजीव कुमार नामक युवक ने इच्छा मृत्यु की मांग प्रशासन से कर डाली। संजीव का कहना है कि पुलिस द्वारा उसका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है, वो मानसिक रूप से परेशान हैं और इसी कारण अब जीना नहीं चाहता। सेना के पदाधिकारियों ने इस तरह के उत्पीड़न का विरोध करते हुए कहा कि जिले में रोहित वेमुला की हत्या जैसी घटना को दोहराने नहीं दिया जाएगा। प्रशासन से अपील करते हुए इस प्रकरण में संजीव कुमार को न्याय दिलाने और उसके आरोपों की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की गई है। प्रदर्शनकारियों में सौरभ तेजियान, विकास मेडियन, रविंद्र कुमार, प्रिंस अशोक, रामबीर प्रधान, प्रदीप, रूपचंद मलिरा, विपिन खतौली, सचिन जट नंगला, विजय, अरुण, अखिल कुमार, नितिन, मुकेश बर्मन, राजू आदि शामिल रहे।