कॉलेज में जन्मदिन की पार्टी मना रहे छात्रों की पिटाई
मुजफ्फरनगर। इंटर कॉलेज में जन्मदिन की पार्टी मना रहे छात्रों की शिक्षकों ने पिटाई कर दी। पिटाई से छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्रों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
जनता इंटर कॉलेज मुस्तफाबाद पचेंडा कलां के छात्र कलक्ट्रेट में डीएम कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने कहा कि बृहस्पतिवार सहपाठी छात्र का जन्मदिन मना रहे थे, तभी कॉलेज के शिक्षक मौके पर पहुंचे और फटकार लगाई। शिक्षकों ने गालीगलौज करते हुए छात्रों को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई करने के बाद छात्रों को शिक्षकों ने भगा दिया। छात्रों का आरोप है कि अध्यापक नशे में कॉलेज आता है। इसकी शिकायत कॉलेज प्रबंधक और प्रधानाचार्य से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। छात्रों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। प्रदर्शन सौरभ सिंघल, अखिल, नितिन, अभिषेक, विशाल, आकाशदीप, गौरव, अंकित, अमन, हिमांशु, अजरा, शिवम, राजा, शास्वत, पुष्कल, सूरज कुमार, कृष्ण, राजा खोखर आदि मौजूद रहे।