अभी लापता हो सकते हैं कई यात्री
मुजफ्फरनगर। उत्कल ट्रेन हादसे के बाद कुछ यात्रियों के लापता होने की बात भी सामने आ रही है। देश के विभिन्न कोनों से लोग रेलवे के हेल्पलाइन नंबरों पर फोन कर लगातार जानकारी ले रहे हैं। रेलवे पुलिस को उनके थाने पहुंचने का इंतजार है। जीआरपी का कहना है कि लापता से संबंधित परिजन अपने नजदीकी जीआरपी थाने में जानकारी दे सकते हैं।
हादसे के तुरंत बाद रेलवे ने 20 से ज्यादा हेल्पलाइन नंबर जारी किए थे। हेल्पलाइन पर देशभर के विभिन्न हिस्सों से फोन आ रहे हैं। यह सिलसिला लगातार जारी है। राजस्थान के मुरारी निवासी अजित नीखरा ने अनिल और सुदेश के बारे में पूछा। बताया कि दोनों एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं और उत्कल में सवार हुए थे। इसके अलावा मध्यप्रदेश के सतसीना से सुलक्षण ने फोन कर रमीश नाम के व्यक्ति के बारे में जानकारी लेनी चाही। महाराष्ट्र से कुंडनगेरू नामक व्यक्ति के संबंध में जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने ट्रेन से पहुंचने की बात कही है। इसके अलावा लगातार पूछे जाने वालों की तादाद आधा दर्जन से अधिक बताई गई है। रेलवे के अधिकारी मान रहे हैं कि यह भी हो सकता है कि जिनकी खोजबीन है, उनका फोन बंद हो गया हो और उन्हें किसी दूसरी ट्रेन में सफर करने के बाद घर पहुंचने में देरी हो रही हो।