तीन महिलाओं की चोटियां कटीं
भोपा(मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र में तीन महिलाओं की चोटी कट गई। उन्हें बेहोशी की हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
गांव नंगला बुजुर्ग की मीनाक्षी (35) की सुबह चाय बनाते समय चोटियां कट गई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने सीएचसी पर भर्ती कराया। भोपा निवासी परवीन बानो (30) की भी घर में चोटियां कट गई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। परिजनों ने उसे भी सीएचसी पर भर्ती कराया है। उधर, भौराकलां के वाल्मीकि बस्ती निवासी अमनदीप (19) पुत्री वेदपाल शाम को घर में बैठी थी, तभी उसे अपने पीछे कुछ एहसास हुआ, पीछे मुड़कर देखा तो उसकी चोटी कट चुकी थी। दहशत के कारण वह बेहोश हो गई।
लापता वृद्ध का सामान गंगनगर किनारे मिला
भोपा। पांच दिन पूर्व घर से गायब हुए वृद्ध के कपड़े आदि सामान गंगनहर किनारे मिले हैं। उसके आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सिकंदरपुर निवासी नरेश ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि 9 अगस्त को उसका पिता सुगना (75) घर से कहीं चला गया था, तभी से उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को उसके पिता की डायरी, चादर, डंडा निरगाजनी गंगनहर के किनारे मिला है। परिजनों को अंदेशा है कि उसके पिता ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है।
हमला कर घायल किया
भोपा। भोपा के ओमवीर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि टेंपू में सवार होकर दूध लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। उसी टेंपू में महिला सहित कई सवारी भी बैठी हुई थी। टेंपू में बेठे रहकड़ा निवासी अंकित गालीगलौज कर रहा था तो उसने विरोध किया। इस पर आरोपी ने रहकड़ा पुलिया के पास टेंपू से उतरकर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस के पास उसे हमलावर को पकड़ लिया।