कांवड़ियों की संख्या के साथ शिविरों की संख्या बढ़ी
मुजफ्फरनगर। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों का सैलाब जैसे ही शहर की ओर उमड़ रहा है। कांवड़ियों की सेवा करने वालों की उत्कंठा भी उतनी ही अधिक बढ़ रही है। शुक्रवार को कई कांवड़ सेवा शिविरों का शुभारंभ हुआ। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने शिवचौक पर कंट्रोल रूम का विधिवत उद्घाटन किया।
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि कांवड मेले के दौरान पुलिस और प्रशासन की सभी जगह पैनी नजर होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर डीएम जीएस प्रियदर्शी, एसएसपी अनंतदेव तिवारी भी मौजूद रहे। वहीं, वाणिज्यकर विभाग ने सिटी सेंटर में जीएसटी हेल्प डेस्क कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया। उधर, शुक्रवार को शहर में कई कांवड़ शिविरों का शुभांरभ भी हुआ। अखिल भारतीय हिंदू क्रांति दल के शिविर का शुभारंभ जिला बार संघ अध्यक्ष ठाकुर अनूप सिंह और महासचिव गौरव ने फीता काटकर किया। दीप प्रज्वलन समाजसेवी लवी अग्रवाल ने किया। पूर्व विधायक अशोक कंसल, कृष्ण गोपाल अग्रवाल, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष बाबूराम पाल, मोहित कुमार, अमित मित्तल आदि रहे। हिंदू शक्ति दल के शिविर का शुभारंभ हनुमान मंदिर में विधायक संगीत सोम 15 जुलाई को करेंगे।