खाद्य विभाग के सचल दल ने की छापामारी
मुजफ्फरनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सचल दल ने जिले में कई स्थानों पर छापामारी की और खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया। दूध के नमूने लिए, आचार फैक्ट्री में सफाई रखने को नोटिस जारी किया।
जिला अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि सचल दल ने बडेढ़ी के शौकीन की इंद्रा कॉलोनी में स्थित डेयरी पर छापा मारा। 40 किलोग्राम दूध की जांच की। मिलावट का संदेह होने पर नमूना लिया गया। महमूदनगर के अब्दुल कलाम की आचार की फैक्ट्री पर छापा मारा गया। फैक्ट्री में दस क्विंटल आम के आचार और 20 किलो पिसी लाल मिर्च का नमूना संग्रह किया। मिलावट के संदेह पर मिर्च का नमूना लिया गया। फैक्ट्री मालिक को सफाई एवं कमियों में सुधार के लिए नोटिस दिया गया। इसके अलावा बुढ़ाना में दूध के दो नमूने लिए गए। टीम ने विकास भवन के सामने क्वालिटी डेयरी के सरफराज के यहां छापा मारकर दूध, दही, पनीर के नमूने लिए। शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। सचल दल में प्रेमचंद, राकेश कुमार, अनिल कुमार कौशल मौजूद रहे।