परीक्षा में फेल छात्रों का कलक्ट्रेट में हंगामा
मुजफ्फरनगर। डीएवी कॉलेज के फेल छात्र-छात्राओं ने कलक्ट्रेट में हंगामा-प्रदर्शन किया। छात्रों ने विवि प्रशासन पर जान-बूझकर फेल करने के आरोप लगाए। कालेज में बीएससी प्रथम वर्ष में करीब 70 फीसदी छात्र-छात्राएं फेल हैं। छात्रों ने डीएम को ज्ञापन देकर पुन: मूल्यांकन कराए जाने की मांग की है।
चौधरी चरणसिंह विश्वविद्यालय मेरठ द्वारा मुख्य परीक्षा के बीएससी प्रथम वर्ष का रिजल्ट जारी किया गया। डीएवी कॉलेज के बीएससी प्रथम के कोड 106 से 108 तथा 101 से 103 में अधिकांश छात्र-छात्राएं फेल हैं। छात्रों का आरोप है कि सभी सवालों का उत्तर ठीक प्रकार से दिया है। उसके बाद भी उन्हें फेल कर दिया गया है। इसको लेकर छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य डॉ पीके गुप्ता को भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे गुस्साए छात्र-छात्राएं सोमवार को कलक्ट्रेट में पहुंचे। छात्रों ने विवि प्रशासन पर उन्हें जान-बूझकर फेल करने के आरोप लगाए। कलक्ट्रेट में हंगामा-प्रदर्शन कर विवि के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर पुन: मूल्यांकन कराए जाने की मांग की है। शालू, स्वाति, राहुल, पूजा, पूनम, आंचल, गौतम आदि मौजूद रहे।