देवबंद में मिले 68 कोरोना संक्रमित
देवबंद। देवबंद में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को हुई सैंपलिंग में 68 नए कोरोना संक्रमित मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया, क्योंकि अब तक हुई जांच में यह आंकड़ा सबसे ज्यादा केसों का है।
देवबंद में इस समय लगभग 300 कोरोना संक्रमित मरीज होम आइसोलेट है। जबकि छह संक्रमित गंभीर हालत के चलते कोविड अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर उन्हें सील कर रहा है। शनिवार को 68 नए संक्रमित मिलने के बाद नगरपालिका द्वारा उग्रसेन विहार, कैलाशपुरम कालोनी और शिक्षक नगर की कई सड़कों को सील कर दिया गया। एसडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जिन क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, वहां के गली मोहल्लों को सील किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से जरूरत पड़ने पर ही मास्क लगाकर घर से बाहर निकलने का आह्वान किया।