हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे के भंगेला कट के पास हवेली होटल के निकट शनिवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृत युवक के परिवार में लड़की की शादी थी। युवक की मौत से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई। परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव टिटौड़ा निवासी दीपक (25) पुत्र सहेंद्र चाचा के लड़की की शनिवार की रात शादी थी। नगर के बैंक्वेट हॉल में शादी समारोह चल रहा था। दीपक शनिवार की देर रात शादी समारोह से स्कूटी से अपने गांव लौट रहा था। हवेली होटल के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दीपक की मौत से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई। परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के मुताबिक युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। अगर हेलमेट पहने होता तो उसकी जान बच सकती थी।