बारिश से पहले सभी नालों की सफाई के दिए निर्देश
मुजफ्फरनगर। सांसद डॉक्टर संजीव बालियान और विधायक कपिल देव अग्रवाल ने प्रशासनिक व पालिका अधिकारियों को साथ लेकर नगर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर बरसात से पूर्व सभी नालों की तली झाड़ सफाई के निर्देश दिए।
पालिका अधिकारियों को लेकर संजीव बालियान और कपिल देव ने मिमलाना रोड नाला स्थित नालों का निरीक्षण किया। विधायक ने नालों की सफाई के निर्देश दिए। इस नाले की सफाई के साथ ही पुलिया के पुन: निर्माण के भी निर्देश दिए। साथ ही सांसद व विधायक ने डीएम को इस संबंध में पत्र भी लिखा। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट एवं पालिका प्रभारी अजय अम्बस्ट को निर्देशित किया गया कि वे नालों की सफाई, कूड़ा डलावघर एवं सड़कों की बेहतर सफाई की कार्ययोजना तैयार कर उसे सख्ती से लागू कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि पशुपालक व डेयरी संचालक गोबर नालियों में न बहाएं। साथ ही जो प्राईवेट या सरकारी कर्मचारी नालों में कूड़ा डालते हैं उनके विरुद्ध भी कड़ी कार्यवाही की जाए। इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट अतुल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएस राठी, एक्सईएन राजीव त्यागी, सुनील दर्शन, रोहताश पाल, विजेंद्र पाल, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य जगदीश पांचाल, मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, नरेंद्र चौधरी, अमित बोबी, राजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।