जिला अस्पताल में लगेगी सीटी स्कैन मशीन
मुजफ्फरनगर। जनपदवासियों को शीघ्र ही नि:शुल्क सीटी स्कैन का लाभ मिलेगा। स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय में रेडक्रास भवन के सामने बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। अब मशीन लगने का इंतजार है। एक माह के भीतर सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
जिले में चिकित्सा सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। इसके लिए सरकारी अस्पतालों में कई उच्च स्तर की सेवाएं देने का प्रयास हो रहा है। जिला अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड के अलावा डायलिसिस की व्यवस्था है। अब सीटी स्कैन मशीन भी लगाई जाएगी। इससे जिले के मरीज नि:शुल्क सीटी स्कैन जांच करा सकेंगे। रेडक्रास भवन के सामने बिल्डिंग तैयार हो चुकी है। अभी तक मरीजों को सीटी स्कैन जांच के लिए प्राइवेट केंद्रों पर जाना पड़ता है। दो से ढाई हजार रुपये तक जांच के लिए खर्च करने पड़ते हैं। सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने बताया कि बिजली फिटिंग आदि कार्य हो चुका है। सेवा प्रदाता कंपनी को मशीन लगानी है। करीब एक महीने में यह काम पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि स्टार इमेजिंग कंपनी सिटी-स्कैन मशीन लगाएगी। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का सिटी-स्कैन नि:शुल्क होगा।