अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने सभी शिक्षामित्रों को नियमित शिक्षक या गैर शैक्षणिक संवर्ग सृजित कर समायोजित करने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र शाही के नेतृत्व में शिक्षामित्रों का प्रतिनिधिमंडल सांसद डॉ संजीव बालियान से मिला और पुरजोर तरीके से अपनी बात रखी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षामित्रों की मांगों के समर्थन में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मानव संसाधन राज्यमंत्री सत्यपाल सिंह समेत विभिन्न विभागों के केंद्रीय और राज्य के मंत्रियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। यदि 31 दिसंबर तक शिक्षामित्रों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए कदम नहीं उठाए जाते तो प्रदेश भर में आंदोलन का बिगुल बजा दिया जाएगा। ज्ञापन में अध्यादेश लाकर शिक्षामित्रों को नियमित शिक्षक अथवा गैर शैक्षणिक संवर्ग में समायोजित करने, शिक्षामित्रों के लिए विशेष टीईटी का आयोजन कराने, समान कार्य, समान वेतन के आधार पर 12 माह का वेतन लागू करने तथा 62 वर्ष सेवा के लिए स्थायी नियमावली बनाने, हाईकोर्ट के आदेश के बाद हृदयाघात से मृत समायोजित शिक्षकों के परिवारवालों को स्थायी रोजगार देने की मांग की गई। सांसद डॉ संजीव बालियान ने शिक्षामित्रों की समस्या को अपने पत्रक में शामिल कर प्रधानमंत्री के समक्ष पहुंचाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष मुजीबुर्रहमान, महामंत्री अनिल ठाकुर, विपिन राठी, रोहित कौशिक, गीता बालियान, राजेंद्र कुमार, नीरज कुमार, एकता रानी, सुबोध त्यागी, विपिन पाल सिंह आदि शामिल रहे।