गन्ना पर्ची न मिलने पर किसानों में आक्रोश
मुजफ्फरनगर। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर रालोद ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 30 नवंबर तक गन्ने का समस्त बकाया भुगतान करने का वादा किया था। लेकिन इसे पूरा नहीं किया। उन्होंने गन्ना पर्ची न मिलने पर आक्रोश जताया।
राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी कर धरना दिया। वक्ताओं ने कहा की 30 नवंबर के वादे के बावजूद गन्ना किसानों का समस्त भुगतान खाते में नहीं पहुंचा है। प्रदेश महासचिव सुधीर भारतीय ने कहा की सरकार को किसानों का दर्द नहीं सुनाई देता। फसलों की लागत दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। किसान का पिछले साल का बकाया अभी तक नहीं मिला है। युवा मंडल अध्यक्ष हर्ष राठी ने कहा कि गन्ना किसान पर्चियों के लिए भटक रहे हैं। सीजन को शुरू हुए महीना बीत चुका है। युवा जिलाध्यक्ष विदित मलिक ने कहा कि इस बार मिलो में पर्ची की तारीख में बदल गन्ना समिति भेजा जा रहा है। किसान गन्ना समिति और मील के बीच में चक्कर काट रहा है। छात्र सभा प्रदेश महासचिव विक्रांत पवार ने कहा कि किसानों के बच्चों से सेल्फ फाइनेंस के नाम पर अवैध वसूली हो रही है। इस दौरान विकास कादियान, ओमकार बालियान, जगपाल नेताजी, आदेश तोमर, आदिल प्रधान, नंदू, अभय सीमली, अंकुर लोहान, विशाल, आदित्य शर्मा, दीपेंद्र, दिग्विजय, अमन धीमान आदि रहे।