जानसठ। खतौली-मीरापुर मार्ग पर ट्रक ने रेहड़े में टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से तीन को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मीरापुर के गांव कैथोड़ा निवासी अलाउद्दीन अपने परिवार के साथ रेहड़े से खतौली में अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में गया था। लौटते समय गांव मेहलकी के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने रेहड़े में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रेहड़े में सवार परिवार के लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल अलाउद्दीन उसकी पत्नी सुगरा, पुत्र अनस, जुम्मा, मोनेश व पुत्री परवीन को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में तीन घायलों अलाउद्दीन, अनस और सुगरा को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। उधर, जानसठ में जिला अंबाला निवासी प्रेमवती पत्नी ओमवीर सिंह कार से अपने परिवार के साथ भोपा क्षेत्र के गांव धीराहेड़ी में अपने रिश्तेदार के यहां रस्म पगड़ी में शामिल होने के लिए आया था। गांव जटवाड़ा गंगनहर के पास जानसठ की तरफ से जा रहे गांव बेहड़ा सादात निवासी सुधीर पुत्र प्रीतम अपनी कार से गांव जा रहा था। दोनों कार आपस में टकरा गई। टक्कर लगने से प्रेमवती व सुधीर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने प्रेमवती को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।