मुजफ्फरनगर। विश्व जनसंख्या दिवस पर जन जागरूकता रैली निकाली गई। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देशन में आयोजित रैली का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल तोमर ने किया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि देश की ज्वलंत समस्या है।
टाउन हाल मैदान में जिले भर की आशाएं और स्वास्थ्य कर्मी जुटे। जनसंख्या नियंत्रण जागरूकता के लिए आयोजित रैली को जिला पंचायत अध्यक्षा एवं सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने हरी झंडी दिखाई। रैली टाउन हाल से शिवचौक, मीनाक्षी चौक, मेरठ रोड से होती हुई कंपनी बाग पहुंची। इस दौरान सीएमओ ने बताया कि 11 से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जायेगा। जन मानस को बढ़ती जनसंख्या के दुष्परिणामों तथा परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है। स्वास्थ्य विभाग ने सारथी वाहन के माध्यम से जनसंख्या नियंत्रण जागरूकता का अभियान शुरू किया है। परिवार नियोजन के मुद्दे पर एक काउंसलर की नियुक्ति की गई है। एसीएमओ डॉ एसके अग्रवाल, डॉ शरण सिंह, डॉ संजय जोधा, डॉ लोकेश आदि रहे। उधर, प्राथमिक पूर्वी पाठशाला में शिक्षकों ने गोष्ठी के द्वारा जनसंख्या नियंत्रण के लिए जन आंदोलन का आह्वान किया। शिक्षिका शाहनाज बानो, सीताराम, रमन नारंग, रुबी सहरावत, रश्मि कौशिक आदि ने जनसंख्या नियंत्रण के नियम पालन का संकल्प लिया। नगर शिक्षा अधिकारी डॉ सरिता डबराल मौजूद रही।