छबील लगाकर शर्बत पिलाया
मीरापुर। निर्जला एकादशी के अवसर पर कस्बे के मुख्य चौराहों व सराफा बाजार, बस स्टैंड के पास व्यापारियों तथा धार्मिक संस्थानों के कार्यकर्ताओं ने छबील लगाकर लोगों को शर्बत पिलाया। शर्बत पीकर लोगों ने उमस भरी गर्मी के प्रभाव से राहत महसूस की। धार्मिक लोगों ने शनिवार को निर्जला एकादशी का व्रत रखा तथा सायंकाल सूर्य अस्त होने के बाद जल पीकर व्रत का परायण किया। इस मौके पर लोगों ने पवित्र गंगा में स्नान कर पूजा अर्चना के बाद गरीब लोगों को दान दिया तथा कई स्थानों पर सुंदर कांड तथा कीर्तनों का आयोजन किया गया।
बस की टक्कर से बालक घायल
मीरापुर। गांव कैथोड़ा में सड़क पार करते हुए रोडवेज बस ने बालक को टक्कर मार दी। बालक घायल हो गया। कैथोड़ा निवासी साजिद का छह वर्षीय पुत्र बाबू सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मेरठ से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आने से बाबू घायल हो गया। घायल बालक को चिकित्सक से उपचार दिलाया।
डीसीओ से बकाया गन्ना भुगतान की मांग
रोहाना। किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने डीसीओ से मिलकर रोहाना मिल में बकाया गन्ना भुगतान की मांग की। रोहाना मिल परिक्षेत्र के प्रगतिशील किसान पंकज भगत के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने जिला गन्ना अधिकारी ओपी यादव से मिलकर बकाया भुगतान कराने की मांग की है। किसानों ने डीसीओ को अवगत कराते हुए बताया कि रोहाना मिल ने 20 मार्च तक का भुगतान किया है और 18 मई तक के बकाया 27 करोड़ रुपये का भुगतान कराए जाने की मांग की तथा संपूर्ण भुगतान होने तक किसानों से सरकारी देय वसूली न हो। डीसीओ ने किसानों को शीघ्र भुगतान करवाने का आश्वासन दिया है।