हादसे में बाइक सवार युवक की मौत
खतौली। गांव अतरपुरा निवासी गौरव (18) पुत्र सुशील शुक्रवार की रात करीब 10.30 बजे अपनी बाइक से खतौली से गांव जा रहा था। रास्ते में अंधेरे में गौरव को भैंसा-बुग्गी नहीं दिखाई दिया। बाइक भैंसा बुग्गी से टकरा गई। टक्कर लगने से गौरव घायल हो गया। बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल मेें उपचार के दौरान गौरव की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।