मुजफ्फरनगर। मुकद्दस रमजान के चांद के दीदार के बाद बृहस्पतिवार को रोजेदारों ने पहला रोजा रखा। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में बाजारों में रौनक रही। उधर, शुक्रवार को होने वाली जुमे की पहली नमाज को लेकर शहर की मस्जिदों में तैयारी की गई। नगर पालिका प्रशासन ने भी साफ सफाई के लिए अभियान चलाया।
पवित्र रमजान माह में रोजेदारों ने तराबीह सुनी और पहला रोजा रखा। मस्जिदों से मुकद्दस रमजान माह को लेकर मुस्लिमों से रोजे रखने को कहा गया। खालापार, लद्दावाल, मल्हूपुरा, मिमलाना रोड, ईदगाह रोड, किदवईनगर, सरवट, मदीना कालोनी आदि में नगर पालिका प्रशासन की से साफ सफाई अभियान चलाया गया। बाजारों में काफी रौनक रही। रोजेदारों ने सहरी और इफ्तारी के लिए खरीदारी की। बच्चों में उल्लास नजर आया। उधर, शुक्रवार को पहले जुमे की नमाज अदा की जाएगी, जिसको लेकर पुलिस प्रशासन ने तमाम इंतजाम किए है। मस्जिदों के बाहर पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पथ प्रकाश को भी सुचारु किया गया है। डीएम और एसएसपी ने सभी एसडीएम तथा सीओ को अपने इलाकों में भ्रमण कर शांति पूर्वक जुमे की नमाज अदा कराने के निर्देश दिए है।
जेल में 1070 बंदियों ने रखा रोजा
मुजफ्फरनगर। जिला कारागार में हिंदू और मुस्लिमों ने पवित्र रमजान माह में मिल कर रोजा रखा। जेल अधीक्षक एके सक्सेना के मुताबिक जेल में 1070 बंदियों ने पहला रोजा रखा, जिनमे से 20 हिंदू बंदी भी है। जेल प्रशासन ने भी रोजेदारों के लिए पूरी व्यवस्था की है। सुबह सहरी के लिए दूध, ब्रेड आदि का इंतजाम किया गया है। शाम को इफ्तारी के लिए खजूर, फलों के अलावा भोजन की व्यवस्था की गई है।