विदेश से पति ने तलाक नोटिस भेजा
भोपा। विदेश से एक युवक ने अपनी पत्नी को तलाक देने का नोटिस भेजवाया है। विवाहिता ने सास और देवर पर मारपीट व गालीगलौज करने का आरोप भी लगाया।
गांव यूसुफपुर निवासी युवती की निकाह लगभग 5 माह पूर्व बघरा निवासी युवक से हुआ था। पति निकाह के बाद ही विदेश में नौकरी करने के लिए चला गया था। विवाहिता अपने मायके में ही रह रही है। विवाहिता का आरोप है कि बृहस्पतिवार को पति द्वारा तलाक देने का नोटिस मिला और उसके दो घंटे बाद ही देवर व ससुर भी गांव पहुंच गए। ससुर व देवर ने विवाहिता पर घर में काम ना करने आदि का आरोप लगाया। तलाक के नोटिस से गुस्साई विवाहिता व उसके परिजनों की देवर व ससुर से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ससुर व देवर पकड़ कर थाने ले गई। गांव के जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों के बीच आपस में समझौता कराने के प्रयास में लगे हैं।
विवाहिता व उसके बच्चे लापता
भोपा। विवाहिता व दो बच्चों के लापता हो जाने पर विवाहिता के भाई ने पति व देवर के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी। विवाहिता के मायके पक्ष के दर्जनों लोगों ने थाने पहुंचकर बरामदगी की मांग की है।
गांव बहुपुरा निवासी रवि ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन की शादी आठ वर्ष पूर्व गांव ककराला के अनिल के साथ हुई थी। ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को परेशान करते थे। आरोप है बुधवार पति और देवर जबरन उसकी बहन ओर दोनों बच्चों को बाइक पर बैठाकर जंगल में ले गए और उनको गायब कर दिया है। मायके वालों थाने पहुंचकर अनहोनी की आशंका जताते हुए विवाहिता व बच्चों के सकुशल बरामदगी की मांग की है। शाम परिजन व पुलिस विवाहिता व बच्चों की तलाश में लगे थे। प्रभारी निरीक्षक डा. बीपी सिंह ने बताया कि पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।