महिलाओं में आक्रोश, चारपाई डालकर जाम लगाया
सिखेड़ा। शराब के ठेका का निर्माण करने के विरोध में महिलाओं में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित महिलाओं ने हंगामा प्रदर्शन करते हुए सड़क के बीच में चारपाई डालकर जाम लगा दिया। सूचना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बमुश्किल समझाबुझाकर जाम को खुलवाया।
शराब का ठेका पहले गांव बेहड़ा अस्सा वाले रास्ते पर था, जिसको वहां से हटाकर सिखेड़ा में बिहारी वाले रास्ते पर शराब के ठेके का निर्माण कराया जा रहा है। जहां शराब के ठेका का निर्माण कार्य हो रहा है, उसके चंद कदम की दूरी पर मंदिर और पास में स्कूल भी है। जैसे ही ठेका निर्माण करने की भनक गांव सिखेड़ा की महिलाओं को लगी तो वे मौके पर पहुंची। इन महिलाओं ने शराब ठेका का निर्माण कार्य रुकवा दिया। आक्रोशित महिलाओं ने सड़क पर चारपाई और कटे पेड़ डालकर जाम लगा दिया। महिलाओं का कहना था कि वे किसी भी कीमत पर यहां पर ठेका खुलने नहीं दिया जाएगा। जाम की सूचना पर एसओ सिखेड़ा जितेंद्र अंबावत, प्रधान विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शराब का ठेका नहीं खुलने देने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर महिलाओं ने जाम खोला। जाम लगाने वाली महिलाओं में रेखा, बबीता, कुंता, गीता, सरिता, सुनीता, राजवीरी, सीता आदि महिलाएं शामिल रहीं।