क्रय केंद्र पर मात्र 275 क्विंटल गेहूं की खरीद
जानसठ। सरकारी क्रय केंद्र पर पर आठ हजार क्विंटल गेहूं की खरीद के लक्ष्य के अनुरूप मात्र 275 क्विंटल गेहूं अब तक खरीदा गया है।
सरकार द्वारा किसानों का गेहूं क्रय केंद्र पर पंजीकरण कराना अनिवार्य करने के बाद गेहूं क्रय करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शासन द्वारा केंद्र पर 1735 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से नगद भुगतान किसानों को किया जा रहा है। इसके बावजूद क्रय केंद्र पर बहुत कम मात्रा में गेहूं आ रहा है। सरकार द्वारा क्रय केंद्र के आठ हजार क्विंटल गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया हुआ है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एके सिंह ने बताया कि सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य को शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। किसी भी किसान को भुगतान में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान को रोका
जानसठ। 25 अप्रैल। शासन द्वारा सड़कों के दोनों ओर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के दौरान विरोध के चलते कार्य को रोक दिया गया है। वहीं नगर पंचायत द्वारा तीन दिन के अंदर दुकानों के बाहर कएि गए अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दी गई। व्यापार मंडल के अध्यक्ष सरदार अजीत सिंह छाबड़ा, मोहनलाल गुप्ता आदि ने बताया कि बिना सूचना के अतिक्रमण हटाना सही नहीं है। सूचना देने के बाद ही अतिक्रमण हटाया जाए। मंगलवार को नगर पंचायत कर्मचारियों ने कांशीराम आवासीय कॉलोनी के सामने खड़े सरकारी पोल से नगर पंचायत अध्यक्ष व एक भाजपा नेता का होर्डिंग्स उतार लिया था। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ओम गिरि ने बताया कि मंगलवार को हाइवे पर सरकारी खंभों पर लगाए गए होर्डिंग्स को उतरवाया गया है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कर्मचारी ने अतिक्रमण के दौरान भेदभाव किया है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बुधवार को अधिशासी अधिकारी ने माइक द्वारा व्यापारियों को तीन दिन के अंदर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। अतिक्रमण नहीं हटाने पर कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाएगा।