मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिले में लोक अदालत में 14535 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें 2751 वाद जिला न्यायालय के शामिल हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज मधु गुप्ता ने बताया कि जिला न्यायालय में 2751 मुकदमे निस्तारित किए गए। सात लाख 12 हजार 230 का अर्थदंड वसूला गया। लोक अदालत में मोटर दुर्घटना में 22 वादों में सुलह कराई गई। पक्षकारों को एक करोड़ 38 लाख का प्रतिकर दिलाया गया। चैक बाउंस के 106 वादों का निस्तारण हुआ। पक्षकारों को एक करोड़ 89 लाख 4011 की धनराशि प्रदान की गई। परिवार न्यायालय ने 91 वाद सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित किए। 14 वादों में दंपतियों को आगामी कुशल वैवाहिक जीवन के लिए विदा किया गया। डीएम, एसडीएम और तहसीलों में 5188 वाद निपटाये गये। शामली जिले में 6499 वाद अधिकारियों ने निपटाये। लोक अदालत में बैंकों के 97वें मामलों में सुलह समझौते के आधार पर एक करोड़ 74 लाख 99 हजार 400 की वसूली हुई। नोडल अधिकारी अपर जिला जज ओमवीर सिंह मुख्य रुप से मौजूद रहे।