सुरेंद्रपाल सिंह ने योग में जीता सिल्वर मेडल
मुजफ्फरनगर। ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य को ग्रीन पार्क स्टेडियम कानपुर में आयोजित प्रदेश योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान मिला। पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणे ने सिल्वर मेडल देकर उन्हें सम्मानित किया। कानपुर में 27 और 28 जनवरी को हुई इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग में 24 प्रतिभागियों ने भाग लिया। 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में सुरेंद्रपाल सिंह आर्य को द्वितीय स्थान और 17 से 21 आयु वर्ग में अंकुर मान ने भी द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल हासिल किया।
रोडवेजकर्मियों को मिली पदोन्नति
मुजफ्फरनगर। रोडवेज डिपो के एआरएम कार्यालय के लिपिक अनुज त्यागी को सराहनीय कार्य के लिए पदोन्नति मिली है। क्षेत्रीय प्रबंधक सहारनपुर मनोज कुमार ने एआरएम कार्यालय के लिपिक अनुज त्यागी को कार्यालय सहायक प्रथम के पद से प्रोन्नति देकर कार्यालय सहायक द्वितीय बनाया है। कार्यालय में ही कार्यरत प्रदीप कुमार को भी यह पदोन्नति मिली है। खतौली डिपो के लिपिक नीरज कुमार जैन को भी कार्यालय सहायक द्वितीय पद पर प्रोन्नत किया गया है।
बिजली चोरी पकड़ी, 18 के खिलाफ रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर। बिजली निगम की टीम ने गढ़ी और मुस्तफाबाद गांव में छापा की कार्रवाई की। इस दौरान 18 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। एसडीएओ कालीचरण के नेतृत्व में जेई विकास मिश्रा, धीरेंद्र आजाद, सौरभ आदि की टीम ने नईमंडी के गांव गढ़ी और मुस्तफाबाद में बिजली चोरी की रोकथाम को छापे की कार्रवाई की। एसडीओ ने बताया कि 18 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई है। जेई विकास मिश्रा की ओर से नई मंडी कोतवाली पर गढ़ी निवासी ओमपाल, दिनेश, सुभाष, नसीम और मुस्तफाबाद निवासी अखलाक, राजपाल, जलालुदीन, सरेंद्र, अमित, वेदप्रकाश, अमित पुत्र इंदर, आशाराम, रामपाल, किरणपाल, अब्बास, इकराम, समीर के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शोभायात्रा निकलेेगी
भोपा। भोपा में संत रविदास जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। डॉ ब्रह्म सिंह ने बताया कि रविदास जयंती पर 30 जनवरी की सुबह मंदिर पर भंडारा होगा और शाम को जागरण होगा। 31 जनवरी को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
सात के खिलाफ तहरीर
भोपा। विद्युत विभाग की टीम ने विद्युत चोरी करने वाले भोकरहेड़ी के सात लोगों के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है। विभागीय टीम में विकास कुमार, दीपक कुमार, धर्मवीर, आजाद धीरेंद्र ने भोकरहेड़ी में छापा मारा। टीम ने एलटी टीम से केबल डालकर विद्युत चोरी करने वाले कस्बे के ही सात लोगों के विरुद्ध भोपा थाने पर तहरीर दे दी है।