मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपतराय की पुण्यतिथि पर शिक्षण संस्थाओं में उनका भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में बच्चों ने यज्ञ में आहूतियां अर्पित की। आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि युवा महापुरुषों और शहीदों के जीवन चरित्र से प्रेरणा लें।
कृष्णापुरी स्थित महर्षि दयानंद पब्लिक स्कूल में पंजाब केसरी लाला लाजपतराय के स्मृति दिवस पर छात्र-छात्राओं ने यज्ञ में आहुतियां देकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि लालाजी भारत मां के सच्चे सपूत थे। भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर थे। अपने प्राणों का बलिदान कर उन्होंने भारत को स्वाधीनता दिलाई। विद्यार्थी उनकी देश भक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा ले। प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने कहा कि बच्चे महापुरुषों और शहीदों के जीवन गाथा का अध्ययन करें। माता-पिता और शिक्षक बच्चों को अनुशासन, परिश्रम, सेवा, श्रद्धा और देश प्रेम के संस्कारों से युक्त बनाए। विद्यार्थियों ने देश भक्ति गीत सुनाए। इंदू आर्या, प्रीति त्यागी, शीतल आर्या, ममता वर्मा, प्रीति जैन, शुभम सिंघल, अरुण देव आदि ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
विजेता खिलाड़ी हुए पुरस्कृत
मुजफ्फरनगर। अमर शहीद लाला लाजपतराय की पुण्यतिथि पर विबग्योर स्कूल में आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को अमिट बताया। इस मौकेे पर स्पोर्ट्स मीट में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
रुड़की रोड स्थित विबग्योर स्कूल में आयोजित गोष्ठी में छात्रा अंजलि, इतिशा, वंशिखा ने कहा कि साइमन कमीशन के खिलाफ लाला लाजपतराय के आहवान पर हजारों युवा क्रांति आंदोलन में कूदे थे। छात्र अनस, आर्यन ने कहा कि उनका संघर्ष और बलिदान अमर है। प्रधानाचार्या निशा त्यागी ने कहा कि उनके त्याग से अंग्रेजों की दासता से मुक्ति मिली। संचालन वाइस प्रिंसिपल अनुराधा शर्मा ने किया। इस मौके पर स्पोर्ट्स मीट के विजेताओं उमरा, तविश, मनस्वी आदि को पुरस्कृत किया गया। नितिन त्यागी, पल्लवी धीमान, आंचल आदि मौजूद रहे।