मुजफ्फरनगर। बेपटरी हो चुकी शहर की यातायात व्यवस्था से शहरवासी हलकान हैं। सोमवार को शहर के कई जगह जाम लगने से राहगीर और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। यहां तक की स्कूलों से लौटते बच्चे भी जाम में फंस गए। शिवचौक पर लगे जाम को लेकर टीएसआई राजेश कुमार सिंह भाजपाइयों से उलझ गए, जिसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाजपाइयों ने टीएसआई पर मोदी-योगी पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया। मामला बढ़ने पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने मौके पर पहुंच कर भाजपाइयों को शांत किया। भाजपाइयों की ओर से दिए गए शिकायती पत्र पर उन्होंने जांच करवाने का आश्वासन दिया। हंगामा हुआ, मगर जाम से निजात नहीं मिल सकी। इसके बाद भी शहर में जाम लगा रहा।
शहर में जल निगम की ओर से सीवरेज का काम कराया जा रहा है। कई स्थानों पर मुख्यमार्गों पर काम पूरा करके खुदाई का कार्य अधूरा ही छोड़ दिया गया, जिस कारण शहर की यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। शहर में रोजाना जाम लगाना आम बात हो गई है, जिससे राहगीर और शहरवासी परेशानी झेल रहे है। सोमवार दुपहर को स्कूलों की छुट्टी होने पर मीनाक्षी चौक, शिव चौक, टाउन हाल रोड, बालाजी तिराहे, मालवीय चौक, झांसी रानी चौक, रुड़की रोड आदि स्थानों पर जाम लगने से राहगीर, स्कूली बच्चे और वाहन चालक जाम में फंस गए। शिवचौक पर टीएसआई राजेश कुमार सिंह मौजूद थे। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ भाजपा नेताओं ने टीएसआई को जाम से रू-ब-रू कराते हुए कहा कि देखों ये क्या हो रहा है। आरोप है कि जिस पर टीएसआई ने मोदी-योगी के बारे में टिप्पणी की, जिसको लेकर वहां हंगामा हो गया। भाजपाइयों और टीएसआई की जमकर नोकझोंक हुई। हंगामे की जानकारी पाकर एसपी सिटी ओमवीर सिंह और एसपी यातायात बीबी चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर भाजपाइयों को समझा-बुझाकर शांत किया। भाजपाइयों ने टीएसआई को हटवाने की मांग की तथा शिकायती पत्र दिया। उधर, इतना हंगामा होने के बावजूद शहर जाम मुक्त नहीं हो सका। घंटो तक जाम की स्थिति बनी रही। इस संबंध में एसपी सिटी ओमवीर सिंह का कहना है कि भाजपाइयों ने टीएसआई पर आरोप लगाए हैं, जिसकी जांच कराई जा रही है। शहर की यातायात व्यवस्था को सही कराने के निर्देश दिए गए हैं।