गोकशी करने वालों का करेंगे इलाज : विक्रम
मुजफ्फरनगर। ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में गोहत्या पर दिए गए विवादित बयान को लेकर खतौली विधानसभा सीट से भाजपा विधायक विक्रम सैनी फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हालांकि विधायक हमेशा की तरह अपने विवादित बयान से एक बार फिर मुकर गए हैं। उनका कहना है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।
शहर में भोपा रोड स्थित एक बैंक्वेट हाल में रविवार को आयोजित ब्राह्मण समाज के एक कार्यक्रम में दिया गया खतौली विधायक विक्रम सैनी का बयान सुर्खियां बना हुआ है। विधायक ने कह दिया कि जो काम महाराज परशुराम जी ने किया था अत्याचारियों का सफाया, वही काम हमारी सरकार कर रही है और ऐसा होता रहेगा। हमारे योगी जी मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने साफ कह रखा है कि जो ऐसे लोग हैं, उन्हें ऊपर पहुंचा दो। विधायक ने कहा कि मैंने चुनाव में कहा था कि जिसका सीना वंदेमातरम कहते हुए चौड़ा होता हो, जो गाय को अपनी माता मानता हो, ऐसे लोगों के वोट मुझे चाहिए और जो यह नहीं करता हो, उनका वोट नहीं चाहिए। ऐसा बोलकर जिले में सबसे अधिक वोट लेकर चुनाव जीता हूं। काम ठीक करूंगा, लेकिन इलाज उनका करूंगा जो देश के दुश्मन हैं। जो गोकशी करते हैं, उनका इलाज करते हुए ना मरने की चिंता है ना किसी को मारने की। विधायक का यह बयान सोशल मीडिया पर भी सुर्खियों में है। विधायक अब तक तीन बार अपने विवादित बयानों को लेकर सुखियों में आ चुके हैं।
क्या बोले विधायक:
मैंने सिर्फ गोहत्या करने को नहीं बख्शे जाने के लिए कहा था। यह कोई विवादित बयान नहीं है। गलत काम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे, सही काम करने वालों को कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है। मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।
-विक्रम सैनी, विधायक।