डीआईओएस दफ्तर पर धरना
मुजफ्फरनगर।
माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने कहा कि पिछले डेढ़ साल से नई पेंशन योजना के नाम पर उनके बैंक खातों से कटौती की जा रही है। इससे गुस्साए शिक्षकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी है। साथ ही मंगलवार को डीआईओएस में तालाबंदी का एलान किया गया है।
संगठन के जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि शिक्षकों के वेतन खातों से नई पेंशन योजना के नाम पर कटौती की जा रही है। काटे गए रुपयों को उनके एनपीएस खातों में नहीं दिखाया जा रहा है। विभागीय अधिकारी शिक्षकों के साथ दोषपूर्ण रवैया अपना रहे हैं। उनकी समस्या पर कोई सुनवाई नहीं होने से शिक्षकों में रोष बना है। शिक्षकों ने साफ किया है कि उनकी समस्या का निवारण नहीं हुआ तो विभाग में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंगलवार को डीआईओएस कार्यालय में तालाबंदी का एलान किया है। धरने का संचालन संजीव जावला ने किया। इस दौरान प्रेरणा तोमर, बबीता राणा, कपिल त्यागी, सुनील त्यागी, विरेंद्र पटेल, योगेश कुमार, रविंद राठी, सोगेंद्र मलिक, अजय राठी, डॉ सुरेंद्र सिंह, यशपाल अरोरा, अनिल कुमार, राजेश वर्मा आदि मौजूद रहे।