जानसठ(मुजफ्फरनगर)। गांव राजपुर कला में शहीद ललित चौधरी की याद में तीन दिवसीय दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में कई प्रदेशों के पहलवानों ने भाग लिया।
बुधवार को गांव राजपुर कलां में शहीद ललित चौधरी की याद में आयोजित तीन दिवसीय दंगल का उद्घाटन रालोद नेत्री पायल महेश्वरी ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण मिट्टी से ही प्रतिभा निखर कर देश का नाम रोशन करते हैं। दंगल के आयोजक संजीव लंबरदार ने बताया कि दंगल में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान आदि आधा दर्जन प्रदेशों के पहलवानों ने कुश्ती के जौहर दिखाए। दंगल में पहली कुश्ती हिसार के अनिल तथा गढी के पहलावन सम्राट के बीच कराई गई। जिसमें अनिल विजयी घोषित हुए। दूसरी कुश्ती राजपुर के सचिन ने बड़ौत के गौरव पहलवान को पटकनी देकर जीत हासिल की। तीसरी कुश्ती हैदर नगर के रोहित तथा गांव कासमपुर के सोनू के बीच हुई। रोहित को विजयी घोषित किया गया।
रेफरी की भूमिका देवेंद्र पहलवान ने निभाई। दंगल प्रतियोगिता में प्रथम आने वाले पहलवान को बाइक तथा दूसरे, तीसरे नंबर के पहलवान को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। गुरुवार को दंगल में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय राकेश टिकैत खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। उद्घाटन पर रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी, भाकियू ब्लाक अध्यक्ष विपिन, सतीश रॉयल, सादपुर प्रधान विपिन चौधरी, उदयवीर सिंह, वेद प्रकाश वेद, देवेंद्र सिंह, पवन कुमार आदि उपस्थित थे।