कांवड़ यात्रा की सफलता के लिए मांगा सहयोग
खतौली/रतनपुरी। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कोतवाली में आयोजित बैठक में एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने कहा कि स्वार्थी लोग बिना वजह विवाद को बढ़ावा देने का काम करते हैं। ऐसे स्वार्थी लोगों से हमेशा बचना चाहिए और समय पर इसकी सूचना पुलिस को दें। उन्होंने दोनों समुदाय के लोगों से कांवड़ यात्रा में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोनों समुदायों की जिम्मेदारी शांति को कायम रखना है। उधर, रतनपुरी में भी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बैठक आयोजित की गई।
रविवार शाम कोतवाली में आयोजित बैठक में एसपी सिटी ने कहा कि कांवड़ मेला देश का सबसे बड़ा पर्व माना गया है। इसमें कांवड़िये श्रद्धा के साथ पैदल यात्रा करते हैं। उन्होंने जिम्मेदार लोगों से कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाली परेशानियों को सुना और उनका निस्तारण कराने का आश्वासन भी दिया। संचालन सत्येंद्र आर्य ने किया। बैठक में पवन अग्रवाल, शुजाउददीन, विनीत ठाकुर, ओसामा इदरीश, नरेंद्र सिंह, नईम कुरैशी आदि लोग उपस्थित रहे। उधर, रतनपुरी थाने में इंस्पेक्टर अमरदीप लाल ने क्षेत्र के कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले गांवों के जिम्मेदार लोगों और कांवड़ सेवा शिविर संचालकों की बैठक ली। बैठक में इंस्पेक्टर ने सभी से कांवड़ यात्रा के दौरान पूर्ण सहयोग करने की अपील की। उन्होंने शिविर संचालकों से शिविर में सेवा करने वाले के फोटो पहचान पत्र जारी करने की बात कही। ग्रामीणों ने पुलिस के समक्ष रतनपुरी के सामने सेवा शिविर में पुलिस पिकेट, सफाई व्यवस्था और विद्युत आपूर्ति और गंगनहर पर रस्से के साथ साथ गोताखोरों की समुचित व्यवस्था कराने की बातें रखी। इंस्पेक्टर ने सभी समस्याओं का समाधान करने को कहा। बैठक में प्रधान राजकुमार सैनी, प्रमोद कुमार, प्रवीण कुमार, हाजी वसीम, योगेश कुमार, दिलावर सिंह, ब्रजपाल सिंह, मुकेश कुमार, राहुल कुमार, जयवीर सिंह, आदि मौजूद रहे।