एसिड पीड़िता शिवानी को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की मांग
देवबंद (सहारनपुर)। त्यागी ब्राह्मण सेवा संघ ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मेरठ की तेजाब पीड़िता शिवानी त्यागी को मुख्यमंत्री राहत कोष से 10 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता और स्थिति में सुधार होने के बाद सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
संगठन ने सोमवार को एसडीएम ऋतु पुनिया को सौंपे ज्ञापन में बताया कि मेरठ में शिवानी त्यागी के ऊपर पिछले महीने बाइक सवार दो युवकों ने तेजाब से हमला कर दिया था। इसमें उसका चेहरा बुरी तरह से झुलस गया था। शिवानी का दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने के कारण शिवानी ने सोशल मीडिया पर समाज से मदद की गुहार लगाई है। त्यागी ब्राह्मण सेवा संघ ने भी 36 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई है। लेकिन धनराशि अपर्याप्त होने के कारण उपचार में दिक्कतें पैदा हो रही हैं। इसलिए शिवानी के उपचार, बच्चों की पढ़ाई और परिवार के भरण पोषण के लिए को मद्देनजर रखते हुए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने के साथ ही शिवानी को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की है। इससे पूर्व रणसुरा गांव में संगठन की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन त्यागी ने शिवानी त्यागी पर तेजाबी हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि महिलाओं पर बढ़ते हमलों को सरकार को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस मौके पर अनिल त्यागी, अभिषेक त्यागी, जय कुमार, सत्यपाल, सुशील शर्मा, विपिन त्यागी, दुष्यंत त्यागी, अशोक कुमार, नवीन त्यागी, सनोज आदि मौजूद रहे।