लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी
जानसठ। शनिवार की देर रात लकड़ियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई, जिसके नीचे दबने से आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए। राहगीरों ने बमुश्किल मजदूरों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर घायल दो मजदूरों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया।
मीरापुर क्षेत्र के गांव गढ़ी रसूलपुर निवासी मजदूर शौकीन, बुंदा, अतीक, रिजवान, नाजिम वारिस व मारुफ गांव पुरबालियान में पॉपुलर के पेड़ काटने गए थे। शनिवार की देर रात लौटते समय सभी मजदूर लकड़िय़ों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली के ऊपर बैठकर आ रहे थे। जैसे ही ये लोग गांव कवाल के पास पहुंचे तो जानसठ की ओर से जा रहे ट्रक ने ट्रॉली में साइड मार दी। साइड लगते ही ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली के ऊपर बैठे सभी मजदूर सड़क पर गिर पड़े और लकड़ियों के नीचे दब गए। मजदूरों की चीखपुकार निकल गई। राहगीरों ने मजदूरों को बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया, जहां पर चिकित्सकों ने दो मजदूरों को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया।