युवक की पिटाई के मामले में गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। दो माह पहले रेस्टारेंट में युवती के साथ बैठे युवक को निर्वस्त्र कर पिटाई के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में 20 मार्च को आर्यपुरी स्थित एक रेस्टोरेंट पर युवती के साथ बैैठे युवक के साथ यह घटना हुई थी। युवती के परिजनों ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए युवक की निर्वस्त्र कर पिटाई की तथा उसे इसी अवस्था में जिला अस्पताल ले गए थे। इस दौरान युवक की वीडियो भी बना कर वायरल कर दी थी। जिला अस्पताल में दूसरे पक्ष के आने पर बवाल हो गया था। पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमे दर्ज किए थे। मंगलवार को पुलिस युवक को निर्वस्त्र कर पीटाई करने के मामले में एक आरोपी शुभम निवासी गंगारामपुरा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अस्पताल में तीन की मौत
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी व्यक्ति को उसके परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लाए थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाए गए। नन्हे्ं निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति और फुलत निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हो गई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार किया और शवों को अपने साथ ले गए।
40 सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी
मुजफ्फरनगर। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से नुमाइश की निगरानी होगी। मेला कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह ने बताया कि नुमाइश में 40 सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। नुमाइश के दौरान सुरक्षा के लिए दो दर्जन दरोगा, पीएसी, कांस्टेबलों के अलावा होम गार्ड भी लगाए गए हैं। मेला कोतवाली प्रभारी ने मंगलवार को नुमाइश स्थल और आने जाने मार्गो का भ्रमण किया। उल्लेखनीय है कि चार जून से नुमाइश का शुभारंभ होगा।