मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में नववर्ष के उपलक्ष्य में चार दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम ’गुडबाय 2017 एंड वेलकम 2018’ का आगाज हुआ। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के रंगारंग प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि सीडीओ अंकित अग्रवाल, संस्था चेयरमैन डॉ एससी कुलश्रेष्ठ, अध्यक्ष एनजी मजूमदार, निदेशक आरएस सक्सेना, डॉ मनोज धीमान, कॉडिनेटर प्रेरणा मितल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अंताक्षरी के कार्यक्रम की शुरुआत हुई। चक दे टीम पहले स्थान और धूम टीम दूसरे स्थान पर रही। कॉमर्स के छात्रों ने नृत्य, छात्राओं ने पंजाबी समूह नृत्य की प्रस्तुति दी। लघु नाटिका, युगल गायन, एकल गायन की प्रस्तुति भी सराहनीय रही। इस दौरान कुंवर जगदीश प्रसाद सनातन धर्म के विद्यार्थियों ने लघु नाटिका ’किस्सा मौजपुर का’ का मंचन किया। जिसके द्वारा बच्चों ने समाज के गंभीर विषय ‘कन्या भ्रूण हत्या’ से समाज में भावी असमान लिंग अनुपात जैसे गंभीर विषय को हास्यपूर्ण घटनाओं को दर्शाते हुए इस समस्या पर कटाक्ष करते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। आरएस सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों में प्रतिभा कूट-कूट कर भरी है। संचालन शहजाद गौर एवं इकरा परवीन ने किया। कार्यक्रम में नीतू सिंह, प्राची श्रीवास्तव, रुचि श्रीवास्तव, रूपल मलिक, अनु नायक, अनिता, वैशाली गर्ग, राकेश कुमार, पूजा चौधरी आदि का योगदान रहा।