रोहाना। भाकियू ने सहकारी गन्ना विकास समिति कार्यालय पर चार घंटे तक धरना देकर सामान्य प्रजाति के गन्ना पर्ची जारी करने की मांग की। भाकियू ब्लाक उपाध्यक्ष संजीव भारद्वाज, महामंत्री आदेश बाबा के नेतृत्व में किसानों ने गन्ना समिति कार्यालय के बाहर सामान्य गन्ना पर्ची जारी करने की मांग को लेकर चार घंटे तक धरना दिया। जिसमें किसानों ने पर्ची खोए जाने पर किसान को मुफ्त में डुप्लीकेट पर्ची दिए जाने के साथ सौ रुपये की कटौती बंद की मांग के साथ कलेंडर पर्ची में त्रुटियों को सही करने की मांग की। बाद में नायब तहसीलदार शिवअवतार को ज्ञापन दिया। उप गन्ना प्रबंधक सुधीर कुमार ने भी किसानों को सामान्य गन्ना आपूर्ति के लिए पर्ची जारी करने का आश्वासन दिया। धरने में पंकज भगत, अनुज शिवकुमार, डॉ अमित, देव शर्मा, संजय भारद्वाज, अरविंद, यासीन आदि किसान उपस्थित थे।
फोटो स्टूडियो में चोरी
छपार। गांव छपरा निवासी दीपक छपार में हाईवे पर स्थित बाजार में फोटोग्राफर की दुकान करता है। मंगलवार शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात्रि में बदमाशों ने शटर का ताला तोड़कर इन्वर्टर बैंट्रा, कंप्यूटर आदि सामान चोरी कर लिया। सुबह जब वह दुकान पर आया तो ताला टूटा देखकर उसके होश उड़ गए। सभी दुकानदार इकट्ठा हो गए। शटर खोला तो उक्त सामान नहीं मिला। कई दुकानदार थाने पहुंचे ओर थानाध्यक्ष आदेश त्यागी से मिल कर तहरीर दी।