जिला चिकित्सालय में खोला गया फीवर वार्ड
मंसूरपुर/मुजफ्फरनगर। आखिरकार स्वास्थ्य महकमे की नींद टूट गई है। गांव जीवना में मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद विभागीय अफसरों ने गांव में चिकित्सक तैनात किए हैं, साथ ही एंबुलेंस लगाई गईं। रोगियों के लिए जिला चिकित्सालय में फीवर वार्ड खोला गया है। बृहस्पतिवार को गांव से करीब 20 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया है। सीएमओ ने गांव में वायरल और टाइफाइड फैलने की पुष्टि की है। देर शाम पूर्वमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान ने सीएमओ के साथ गांव का दौरा किया।
गांव जीवना में बुखार से कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है। दर्जनों ग्रामीण बुखार से पीड़ित हैं। गांव में बुखार के कहर को लेकर दहशत फैल गई है। बुखार के प्रकोप के कारण गांव में शुभ कार्यों से भी ग्रामीणों ने दूरी बना ली है। तीन मौत होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूट गई है। बृहस्पतिवार को शाहपुर, पुरबालियान और शहर से चिकित्सक भेजकर जांच-पड़ताल कराई गई। चिकित्सकों ने बुखार चेक करने के साथ ग्रामीणों के ब्लड सैंपल लिए हैं। उधर, पूर्व मंत्री डॉ संजीव बालियान और सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने गांव पहुंचकर पीड़ितों और मृतकों के परिजनों से मिलकर जानकारी ली। सीएमओ ने बताया कि गांव में वायरल और टाइफाइड का प्रकोप है। जिसकी चपेट में आकर ग्रामीण घिर रहे हैं। गांव के मरीजों के लिए जिला चिकित्सालय में अलग से फीवर वार्ड खोला गया है। पूर्व मंत्री डॉ संजीव बालियान ने कहा कि ग्रामीणों को हर स्तर पर चिकित्सकीय सेवा दी जाएंगी। उन्होंने सीएमओ को गांव में 24 घंटे चिकित्सकों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। वहीं, गांव से करीब 20 मरीजों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में जीवना के लोगों के लिए फीवर वार्ड की बनाया गया है। यहां जो भी मरीज आएगा, उसके उपचार के लिए पर्याप्त रूप में दवाईयां और चिकित्सक उपलब्ध हैं।
पांच एंबुलेंस 24 घंटे गांव में रहेंगी
गांव जीवना में परिस्थितियों को देखते हुए पांच एंबुलेंस की 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। गांव में 108 की तीन और 102 की दो एंबुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि हर स्थिति में मरीज को तत्काल जिला अस्पताल लाया जा सके।