पुलिस टीम का किया सम्मान
मीरापुर(मुजफ्फरनगर)। एसएसपी अनंत देव तिवारी ने कहा कि जनपद को अपराधमुक्त, भयमुक्त और दंगामुक्त करने के लिए अपराधियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान जारी रहेगा। एसएसपी ने कहा कि जनपद में पुलिस और जनता के बीच सामंजस्य बनाए रखने के लिये 15 हजार पुलिस मित्र बनाए गए हैं।
हिंदू युवा वाहिनी और पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले एसएसपी अनंत देव तिवारी और पिछले दिनों 50 हजार के इनामी बदमाश नितिन को मार गिराने वाली पुलिस टीम का सम्मान समारोह ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया। इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही का अभियान जारी रहेगा। जनपद को अपराध मुक्त, दंगा मुक्त व भयमुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी करने और एनकाउंटर में मार गिराने वाली पुलिस को आउट आफ टर्न प्रमोशन की संस्तुति भेजने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए 15 हजार लोगों को पुलिसमित्र बनाया गया है। हिंदू युवा वाहिनी के जिला मंत्री दीपक कृष्णात्रेय ने एसएसपी और पुलिसटीम को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। एसएसपी के अलावा एसपी देहात अजय सहदेव, सीओ एसकेएस प्रताप, एसआई मनोज चौधरी, पवन शर्मा, कांस्टेबल दीपक कुमार, आदित्य चौधरी, कुलदीप सिंह और मीरापुर इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार सिंह सम्मानित किया गया। संचालन अजयपाल सिंह ने किया। इस दौरान कीर्तिभूषण शर्मा, ब्रजभूषण अग्रवाल, ठा. मुकेश राणा, बीपी सिंह, बिपिन कुमार, रामकिशन ग्रोवर, अनिल नन्दवानी आदि मौजूद रहे।
ट्यूशन पढ़ने गया
छात्र हुआ लापता
मीरापुर। गांव रसूलपुर गढ़ी निवासी मांगेराम का पुत्र सचिन कक्षा दस का छात्र है। दो दिन पूर्व घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए गया था। देर शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों ने सचिन की तलाश की। कहीं सुराग नहीं मिलने पर पीड़ित पिता ने थाने में अपने पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
बाइक सवार को लूटने की कोशिश
मीरापुर। रामराज थानाक्षेत्र के गांव देवल निवासी सरदार इंद्रजीत सिंह को दो बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। इंद्रजीत की ओर से थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार वह अपने मित्र ओमकार के साथ जानसठ से जड़वड़ जा रहा था। शुक्रवार शाम करीब आठ बजे संभलहेड़ा के निकट पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और हमला कर उसकी बाइक लूटने का प्रयास किया। किसी तरह इंद्रजीत बदमाशों के चंगुल से भाग निकला और पुलिस को सूचित किया।
खाते से 40 हजार रुपये उड़ा लिए
मीरापुर। थाना जानसठ के गांव जटवाड़ा निवासी मौहम्मद इनाम पुत्र कुदरत अली ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह मीरापुर के एक एटीएम से रुपये निकालने आया था। इसी दौरान दो युवक एटीएम के पास मिले और बातों का झांसा देकर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। जानसठ पहुुंच कर केनरा बैंक के एटीम से उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला को बहला-फुसला कर लाया
मीरापुर। गांव निवासी एक व्यक्ति तीन बच्चों की मां को बहका-फुसला कर अपने गांव ले आया। जानकारी मिलने पर महिला के पति ने थाने आकर आरोपी की शिकायत की। पुलिस ने महिला को बच्चों और आरोपी व्यक्ति समेत पूछताछ के लिए थाने में बैठाया।