रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया
खतौली (मुजफ्फरनगर)। रेलवे ट्रैक का इंजीनियरों ने निरीक्षण किया। इंजीनियरों ने ट्रैक की देखरेख करने वाले गैंगमैनों को दिशा निर्देश भी दिए। वहीं, ट्रेन दुर्घटनास्थल पर बनाए गए नए रेलवे ट्रैक से अभी तक कॉशन देकर ही धीमी गति से ट्रेनों को निकलवाया जा रहा है।
19 अगस्त को उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन हादसा होने के बाद से रेल मंत्रालय रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रहा है। रेल मंत्रालय ने अनदेखी करने वाले गैंगमैनों की भी ड्यूटी रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते रहने पर लगा दी है। इसका यही परिणाम है कि सकौती रेलवे स्टेशन से लेकर मंसूरपुर तक गैंगमैन रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते रहते हैं। बृहस्पतिवार को मेरठ से आई इंजीनियरों की टीम ने ट्रॉली पर बैठकर सकौती से लेकर मंसूरपुर रेलवे स्टेशन तक रेलवे ट्रैक का जगह जगह रुक रुककर निरीक्षण किया। इस दौरान इंजीनियरों ने रेलवे ट्रैक के निरीक्षण में लगे गैंगमैनों को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए।