मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर स्थित देवराना रिसोर्ट के मैनेजिंग डायरेक्टर हरेंद्र कुमार के बेटे से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रिसोर्ट के कर्मचारी के मोबाइल पर कॉल कर रंगदारी नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई। पुलिस ने रिसोर्ट के पुराने कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित रिसोर्ट मालिक बोपाड़ा गांव निवासी हरेंद्र कुमार ने मंसूरपुर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि बुधवार रात रिसोर्ट के कर्मचारी खतौली निवासी गगन शर्मा के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर गाली-गलौज की और धमकी दी। कहा कि अपने रिसोर्ट के मालिक के लड़के अभिनव को कह देना की 50 लाख रुपये दे दे, नहीं तो उसे गोली मार दी जाएगी।
कर्मचारी ने मालिक को जानकारी दी। इसके बाद हरेंद्र कुमार ने पुलिस को जानकारी देते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। सीओ खतौली राकेश कुमार का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की गई। रिसोर्ट के पुराने कर्मचारी मेरठ की एकता कॉलोनी निवासी दिनेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। किसी बाद को लेकर दिनेश ने ही धमकी दी थी।