जिले में दो बच्चों सहित 43 नए केस मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। रविवार को भी 43 केस मिले, जिनमें से 36 मरीज शहरी क्षेत्र के है। इन संक्रमितों में दो बच्चे, 11 महिलाएं और 30 पुरुष शामिल हैं। जिले में अब कोरोना के एक्टिव केस बढ़कर 259 हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. एसके अग्रवाल ने बताया कि रविवार को 43 मरीज कोरोना के नए मिले हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में 36 मरीज, पुरकाजी ब्लॉक में एक, बघरा में एक, जानसठ में एक, खतौली ब्लॉक क्षेत्र में चार मरीज मिले हैं। शहर में रामपुरी में चार, दीपचंद कॉलोनी में तीन, केशवपुरी में दो, साउथ सिविल में दो, मुनीम कालोनी में दो, अलमासपुर में दो, शांतिनगर में दो, मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में दो मरीज मिले हैं। बचन सिंह कॉलोनी, अग्रसेन विहार, जवाहर कॉलोनी, गंगा विहार, इंद्रा कॉलोनी, कचहरी, केेवलपुरी, सरवट, आर्यपुरी, आदर्श कॉलोनी आदि स्थानों पर भी मरीज मिले हैं। रविवार को 13 मरीज ठीक हुए। फिर भी कोरोना के केस बढ़कर 259 हो गए हैं। जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा भी नौ हजार को पार कर 9039 पर पहुंच गया है।
-------------
भारत आयुर्वेदिक कॉलेज में 200 बेड का कोविड अस्पताल बनेगा
मुजफ्फरनगर। एसीएमओ डॉ. वीके सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने छपार के पास स्थित भारत आयुर्वेदिक कॉलेज को हायर किया है। यहां पर 200 बेड का लेबल-2 का कोविड अस्पताल बनाया जाएगा। सोमवार से इसकी तैयारी प्रारंभ हो जाएगी। बेगराजपुर के मेडिकल कॉलेज में पहले से ही कोविड अस्पताल चल रहा है।
तीन माह के लिए स्टाफ की नियुक्ति
मुजफ्फरनगर। एसीएमओ डॉ. वीके सिंह ने बताया कि कोविड ड्यूटी के लिए पहले जो स्टाफ संविदा पर रखा था, उसे फिर से बुला लिया है। सोमवार से यह स्टाफ ड्यूटी पर आ जाएगा। इसे 30 जून तक ड्यूटी पर रखा जाएगा।