हादसे में बचे पुरकाजी विधायक
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी के भाजपा विधायक प्रमोद ऊंटवाल की कार रविवार सुबह चुनाव प्रचार के लिए नगीना जाते समय अचानक सामने आई नील गाय को बचाने के प्रयास में सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में विधायक समेत अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उपचार कराकर सभी घर लौट आए।
पुरकाजी के भाजपा विधायक प्रमोद ऊंटवाल रविवार सुबह चुनाव प्रचार के लिए बिजनौर के कस्बा नगीना जा रहे थे। जैसे ही वे नूरपुर रोड पर पहुंचे, सुबह करीब 8.30 बजे अचानक उनकी कार के आगे नील गाय आ गई। नील गाय को बचाने के प्रयास में चालक सन्नी कार से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बेकाबू कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, विधायक प्रमोद ऊंटवाल के साथ ही कार चालक सन्नी, गनर हरीश खारी और कार में मौजूद हिमांशु सैनी व विक्की मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल विधायक समेत सभी लोगों को नूरपुर सीएचसी ले जाकर उपचार दिलाया, जिसके बाद विधायक समेत सभी लोग दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर घर लौट आए।