फैक्टरी में टैंकों में भरे तेल के नमूने लिए
मंसूरपुर/खतौली (मुजफ्फरनगर)। मंसूरपुर के बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्टरी में भूमिगत टैंकों में भरे मिलावटी तेल का मामला सुर्खियां बनते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी के नेतृत्व में पूर्ति विभाग तथा अन्य कई विभाग की टीमों ने जांच पड़ताल करते हुए तेल के नमूने लिए। टीम ने तेल के नमूने लेकर लैब में जांच के लिए भेज दिए हैं। तेल की जांच को लेकर औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। टीम अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिलावटी तेल होने का पता चल सकेगा।
डीएम के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर में बुधवार को मिलावटी तेल के भंडार की सूचना पर एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी ने पूर्ति निरीक्षक रजनी चौधरी और पुलिस बल के साथ फैक्टरी पर छापा मारा था। फैक्टरी के अंदर नौ भूमिगत टैंक हैं, जिनके अंदर तेल भरा हुआ मिला था। उस वक्त एसडीएम ने फैक्टरी में सील लगवा दी थी। बृहस्पतिवार को एसडीएम, पूर्ति निरीक्षक, नायब तहसीलदार शिव प्रकाश, जिला उद्योग केंद्र के डिप्टी कमिश्नर परमहंस मौर्य तथा प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने फैक्टरी के अंदर भूमिगत छह टैंकों से तेल के सैंपल लिए। टीम के अधिकारियों का कहना है कि सैंपल को जांच के लिए गाजियाबाद प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है।
फैक्टरी मालिकों ने थिनर बनाने का लाइसेंस लिया हुआ है। टैंकों में भरे तेल के सैंपल ले लिए गए हैं। जांच के लिए गाजियाबाद प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं - रजनी चौधरी, पूर्ति निरीक्षक।
जांच टीम के अधिकारियों ने फैक्टरी में भूमिगत टैंकों में भरे तेल के सैंपल लिए हैं। प्रयोगशाला से तेल की जांच रिपोर्ट आने पर ही अगली कार्रवाई की जाएगी -इंद्राकांत द्विवेदी, एसडीएम, खतौली।