पुरानी पेंशन बहाली के लिए बाइक रैली निकाली
मुजफ्फरनगर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी-पुरानी पेंशन बहाली मंच ने हड़ताल का एलान किया है। बुधवार को होने वाली हड़ताल की सफलता के लिए कार्यालयों में जनसंपर्क किया गया। बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन भी किया।
मंगलवार को पुरानी पेंशन बहाली मंच के सभी घटक संघ के कर्मचारी विकास भवन में एकत्र हुए। यहां से बाइक रैली शुरू हुई। कृषि विभाग, आईटीआई, सेवायोजन कार्यालय, जिला उद्योग केंद्र, विकास प्राधिकरण कार्यालय, लघु सिंचाई, आरटीओ कार्यालय, सदर तहसील, लोक निर्माण विभाग, वाणिज्य कर, श्रम विभाग, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा डायट के कर्मचारियों से जनसंपर्क करते हुए रैली कलक्ट्रेट पहुंची। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि पुरानी पेंशन बहाली के लिए शासनादेश जारी नहीं होने के विरोध में छह से 12 फरवरी तक हड़ताल का एलान किया गया है। यदि इस अवधि में शासनादेश जारी नहीं हुआ तो प्रांतीय स्तर पर अगली रणनीति तय की जाएगी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बालेंद्र सिंह ने कहा कि बुधवार को सभी शिक्षक एवं कर्मचारी कलक्ट्रेट में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कोई भी कार्यालय या विद्यालय में नहीं जाएगा। रैली में राजेंद्र सिंह, रविंद्र नागर, कुलदीप शर्मा, संजीव बालियान, अवनीश राठी, शहाबुद्दीन, सुनील शर्मा, हरीशचंद, इंदुभूषण शर्मा, प्रदीप नागर, फिरोज चंद्रा, राहुल चौधरी, राजीव शर्मा, जसवीर सिंह, ऋषिपाल, प्रयोष राणा, राजीव कुमार, नीलम चौधरी, प्रतिभा शर्मा, सुषमा देवी, उमा चौधरी, मुनेश कुमार आदि शामिल रहे।