महिला की बरामदगी के लिए धरना-प्रदर्शन
खतौली (मुजफ्फरनगर)। लापता महिला की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर थाने में महिलाओं सहित लोगों ने हंगामा व प्रदर्शन किया। महिला की पुत्री ने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दे दी है। मायके वालों ने मेरठ निवासी महिला के पूर्व पति पर अपहरण करने की आशंका जताई है।
मोहल्ला ढाकन चौक की रहने वाली सुरैय्या पुत्री लियाकत का निकाह मेरठ निवासी अखलाक से हुआ था। दंपती में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद का कोर्ट में भी वाद चल रहा है। सुरैय्या काफी दिनों से खतौली में ही रही थी। परिजनों ने बताया कि गत दिवस सुरैय्या घर से किसी के पास पैसे लेने के लिए गई थी, जो कि नहीं लौटी। परिजनों ने महिला को काफी जगह तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार की शाम को परिजन व नगर के लोग एकत्र होकर थाने मेें पहुंचे। इन लोगों ने सुरैय्या की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा व प्रदर्शन किया। महिला की पुत्र हुमा ने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दे दी है। मायके वालों ने पहले पति मेरठ निवासी अखलाक पर अपहरण करने की आशंका जताई है। पुलिस ने महिला को सकुशल बरामदगी का आश्वासन दिया है।