एक सप्ताह में जिले की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त होगी: बालियान
मुजफ्फरनगर। एक सप्ताह के अंदर जिले की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त हो जाएगी। पानीपत-नगीना और मेरठ-करनाल हाईवे के टेंडर 24 जनवरी को छोड़े जाएंगे। फरवरी माह में निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान ने बताया कि इस समय शामली से मुजफ्फरनगर, मुजफ्फरनगर से मीरापुर और मुजफ्फरनगर से थानाभवन की सड़कों पर गड्ढों से लोग परेशान हैं। जनता की परेशानी एक सप्ताह में हल हो जाएगी। एक सप्ताह के अंदर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया जाएगा। सांसद ने बताया कि पानीपत-नगीना हाईवे चार पैकेज में बनेगा। सबसे पहले पानीपत से शामली, इसके बाद शामली से रामपुर तिराहा, जानसठ बाईपास से मीरापुर तिराहा और बिजनौर से कोतवाली तक मार्ग बनेगा। केंद्र सरकार ने इसके लिए 2491 करोड़ चार लाख को स्वीकृति दी है। 129 किमी इस मार्ग की टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। 24 जनवरी को टेंडर खुलेंगे। इस मार्ग में 32.38 करोड़ में सरकारी जमीन और 332.38 करोड़ में निजी जमीन किसानों से खरीदी जाएगी। यमुना नदी पर एक पुल बनेगा, पीनना से रामपुर तिराहे तक रिंग रोड बनेगी। 36 स्थानों पर अंडरपास भी बनेंगे। 35 स्थानों पर माइनर ब्रिज भी बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेरठ-करनाल हाईवे के चौड़ीकरण का काम भी मंजूर हो गया है। इस पर 781 करोड़ 44 लाख की लागत आएगी। यह मार्ग फोरलेन बनाया जा रहा है, जिन स्थानों पर हादसे का खतरा रहता है, उन स्थानों पर अंडरपास भी बनाए जाएंगे। इस मार्ग का टेंडर भी 24 जनवरी को ही होगा। बालियान ने बताया कि फरवरी माह में दोनो मार्गों के कार्य का शिलान्यास हो जाएगा।