मुजफ्फरनगर। फरवरी 2019 में यूपी बोर्ड की हाई स्कूल और इंटर की परीक्षा कराने के लिए जिले में 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। इस बार करीब 58 हजार परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्रा ने परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों को परीक्षा से पहले विभिन्न इंतजाम करने के आदेश दिए है। बताया कि परीक्षा केंद्र के चारों ओर सुरक्षित चारदीवारी एवं प्रवेश द्वार पर गेट तथा प्रत्येक कक्ष की खिड़कियों पर जाली की व्यवस्था कराने, प्रत्येक कक्ष में वायस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरा लगाने, परीक्षा केंद्र पर विद्युत की स्थायी व्यवस्था कराने, दो कंप्यूटर सिस्टम तथा एक दक्ष कंप्यूटर आपरेटर की व्यवस्था करने, केंद्र पर अग्निशमन के संसाधनों की व्यवस्था करने, परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा का इंतजाम करने आदि आदेश दिए गए है।
इसी माह होगी प्री-बोर्ड परीक्षा
मुजफ्फरनगर। डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्रा ने बताया कि हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं की प्री-बोर्ड परीक्षा करानी अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह के अंत तक ये परीक्षा करानी होगी। इस संबंध में सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को अवगत करा दिया गया है। प्री-बोर्ड परीक्षा करा कर रिपोर्ट उनके कार्यालय को देनी होगी।