टी-20 प्रतियोगिता में मुजफ्फरनगर ने शामली को हराया
शाहपुर। अमर शहीद क्रांतिकारियों की स्मृति में राष्ट्रीय स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से आयोजित टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में मुजफ्फरनगर ने शामली को महज 15 ओवर में ही सात विकेट के नुकसान पर विजयी लक्ष्य हासिल कर हरा दिया। मुजफ्फरनगर की तरफ से 42 गेंदों पर ताबड़तोड़ 69 रन की पारी खेलने वाले स्पर्श को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के मैदान पर शुरू हुई टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज समिति के अध्यक्ष राहुल बालियान ने किया। शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से भाईचारा व सांप्रदायिक सौहार्द बढ़ता है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच वीनस क्रिकेट क्लब शामली व शर्मा क्रिकेट क्लब मुजफ्फरनगर के बीच खेला गया। शामली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 136 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरनगर की टीम ने 14.5 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुजफ्फरनगर की ओर से बल्लेबाज स्पर्श ने मात्र 42 गेंदों पर धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली, जिन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। स्कूल समिति प्रबंधक चमन सिंह ने स्पर्श को पुरस्कृत किया। पहले मैच में रणजी खिलाड़ियों शुभम व आकाश ने मौजूद रहकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। पहले दिन वीशू पहलवान, फरमान, आशु सैनी, सचिन कश्यप, ताहिर सैफी और मनोज का सहयोग रहा।
-