तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं व्यक्तित्व विकास के साथ ही सर्वांगीण विकास में भी सहायक है। खेल प्रतियोगिताओं से निकल कर आने वाली प्रतिभाओं को रोजगार के अच्छे अवसर मिलते है। तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उन्होंने उक्त उद्गार व्यक्त किए।
जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी के रायफल क्लब में तीन दिवसीय शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विधायक कपिल देव अग्रवाल, डीएम राजीव शर्मा, एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उपस्थित निशानेबाजों एवं उनके कोच से उनका परिचय प्राप्त किया और उन्हें प्रोत्साहित किया। इसके बाद शूटिंग प्रतियोगिता प्रारंभ हुई। डीएम ने कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ साथ खेल भी महत्वपूर्ण है। खेल के द्वारा एक नयी ऊर्जा का संचार होता है और हमें अपने लक्ष्य की ओर ले जाता है। अच्छे खिलाड़ियों के लिए रेलवे, पुलिस, सेना एवं अन्य विभागों में भी रोजगार प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किए जाने की आवश्यकता है।
हेल्प डेस्क की स्थापना
मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में आनलाइन काउंसिलिंग हेतु हेल्पडेस्क की स्थापना की गई। प्राचार्य डॉ आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कॉलेज प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु यह निर्णय लिया गया है कि एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में उत्तर प्रदेश राज्य प्रवेश परीक्षा -2018 में सफल अभ्यर्थियों की आनलाइन काउसिंलिंग की सहायता के लिये एक हेल्पडेस्क की स्थापना की गयी तथा काउसिलिंग शुल्क के अतिरिक्त किसी भी प्रकार का अन्य शुल्क नहीं लिया जाएगा।